Site icon The Mountain People

अब सेवा नियमों की पूरी जानकारी एक किताब में, CM धामी ने लॉन्च की ‘सेवा विधि’

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड के सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को सेवा नियमों, संवैधानिक प्रावधानों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की एकीकृत जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार पुस्तक ‘सेवा विधि’ का बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में विमोचन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुस्तक केवल एक प्रकाशन नहीं, बल्कि सरकारी सेवाओं से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए व्यवहारिक मार्गदर्शिका है। इसके माध्यम से सेवा नियमों, शासनादेशों और न्यायालयों के महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी एक ही स्थान पर सरल रूप में उपलब्ध होगी, जिससे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि किसी भी लोकसेवक के लिए ईमानदारी के साथ-साथ नियमों और प्रक्रियाओं की सही समझ भी उतनी ही आवश्यक है। जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तभी संभव है, जब अधिकारी नियमों की भावना को समझते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

यह भी पढ़ें : एकल महिलाओं को धामी सरकार का बड़ा सहारा, 488 लाभार्थियों के खातों में ₹2.76 करोड़ ट्रांसफर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, जवाबदेही और पारदर्शिता को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। शासन व्यवस्था में तकनीक के उपयोग, प्रक्रियाओं के सरलीकरण और त्वरित निर्णय प्रणाली पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने दोहराया कि सरकार का मूल मंत्र “सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि” है, जिसके अनुरूप प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।

पुस्तक के लेखक एवं पूर्व अपर सचिव आर.सी. लोहनी ने बताया कि ‘सेवा विधि’ में सरकारी सेवाओं से जुड़े संवैधानिक प्रावधान, नियुक्ति, आरक्षण, पदोन्नति, स्थानांतरण, अनुशासनात्मक कार्रवाई, अवकाश, सेवानिवृत्ति, आचरण नियम, राजभाषा अधिनियम सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों को न्यायालयों के प्रमुख निर्णयों के संदर्भ में व्यवस्थित रूप से संकलित किया गया है। उनका कहना है कि यह पुस्तक अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक उपयोगी संदर्भ ग्रंथ साबित होगी।

 
 
Exit mobile version