Site icon The Mountain People

दिल्ली में हाई अलर्ट: प्रदर्शन के बीच 16 मेट्रो स्टेशन सील, सुप्रीम कोर्ट ने भी नहीं दी राहत

 

 

 

नई दिल्ली : जंतर-मंतर पर जारी विरोध प्रदर्शन के बीच राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। एहतियात के तौर पर दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने मध्य दिल्ली के 16 मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही अगले आदेश तक बंद कर दी है। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी।

प्रदर्शन की शुरुआत संसद की ओर मार्च के साथ हुई थी, जिसके दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनावपूर्ण स्थिति बन गई। इसके बाद पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। प्रदर्शनकारी पुलिस पर बल प्रयोग का आरोप लगा रहे हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान उसके कई जवान घायल हुए।

आंदोलनकारी अपनी मांगों पर कायम हैं और उनका कहना है कि मांगें पूरी होने तक विरोध जारी रहेगा। इसी मुद्दे को लेकर विपक्षी दलों ने भी सरकार को घेरते हुए प्रदर्शन तेज कर दिए हैं।

उधर, पुलिस कार्रवाई के खिलाफ मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, लेकिन शीर्ष अदालत ने तत्काल हस्तक्षेप से इनकार कर दिया। अदालत ने याचिका पर सुनवाई से इंकार करते हुए कहा कि इस तरह के मामलों के लिए उचित कानूनी प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए।

स्थिति को देखते हुए राजधानी के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले मेट्रो सेवाओं की स्थिति की जानकारी अवश्य लें और सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करें।

 
 
Exit mobile version