Site icon The Mountain People

महाकुंभ-2027 की तैयारियों को बड़ा बूस्ट: हरिद्वार में ₹235 करोड़ की चार मेगा परियोजनाओं का शिलान्यास

 

 

 

TMP: महाकुंभ-2027 को भव्य, सुरक्षित और विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में उत्तराखंड सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के तहत लगभग 235 करोड़ रुपये की लागत वाली चार महत्वपूर्ण आधारभूत परियोजनाओं का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य हरिद्वार में श्रद्धालुओं, कांवड़ यात्रियों और स्थानीय नागरिकों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित करना है।

हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 43.25 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर विकास परियोजना का भूमि पूजन किया। वहीं हर की पैड़ी-सुभाष घाट पुनर्विकास (66.76 करोड़ रुपये), हर की पैड़ी के उत्तर क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास (66.34 करोड़ रुपये) और रोड़ी बेलवाला पुनर्विकास परियोजना (58.84 करोड़ रुपये) का शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि हरिद्वार को वैश्विक स्तर की आध्यात्मिक नगरी के रूप में विकसित करने की व्यापक योजना का हिस्सा हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्ता और तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि महाकुंभ-2027 से पहले श्रद्धालुओं को इनका लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ आधुनिक सुविधाओं के विकास पर समान रूप से काम कर रही है। हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के अलावा केदारखंड, मानसखंड, शारदा, गोल्ज्यू और विवेकानंद कॉरिडोर जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर भी तेजी से कार्य जारी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि महाकुंभ-2027 की तैयारियों के तहत नए घाट, पुल, सड़क चौड़ीकरण, संपर्क मार्ग और आधुनिक ट्रैफिक व्यवस्था विकसित की जा रही है। बहादराबाद-सिडकुल से शिवालिक नगर तक सड़क चौड़ीकरण, रोह नदी पर नए पुल और पतंजलि योगपीठ से फेरूपुर तक सड़क सुदृढ़ीकरण जैसे कार्य भी प्रगति पर हैं।

उन्होंने कहा कि हरिद्वार मेडिकल कॉलेज, लालढांग मॉडल डिग्री कॉलेज, श्यामपुर स्वास्थ्य केंद्र, हेलीपोर्ट, पॉड टैक्सी और हर की पैड़ी से मनसा देवी तथा चंडी देवी तक रोपवे जैसी परियोजनाएं भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि इन विकास कार्यों से हरिद्वार में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलेगी और स्थानीय रोजगार व अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा और यूआईआईडीबी के प्रबंध निदेशक एवं प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version