उत्तराखंड की ‘पंच’ बेटियों का दम, CM धामी ने अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता बॉक्सरों को किया सम्मानित
The Mountain People
TMP : अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर देश और उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाली प्रदेश की तीन महिला मुक्केबाजों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में सम्मानित किया। इस दौरान खिलाड़ियों के साथ उनके प्रशिक्षकों को भी सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।
सम्मानित होने वाली खिलाड़ियों में निकिता चंद, काजल फर्स्वाण और आरती धारियाल शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन खिलाड़ियों की उपलब्धियां प्रदेश की बेटियों की प्रतिभा, मेहनत और मजबूत इरादों का प्रमाण हैं और वे आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन रही हैं।
हाल ही में इंडोनेशिया के जकार्ता में आयोजित अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में पिथौरागढ़ की निकिता चंद ने 60 किलोग्राम और काजल फर्स्वाण ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया। वहीं, रोमानिया में आयोजित गोल्ड बेल्ट बॉक्सिंग प्रतियोगिता में आरती धारियाल ने 54 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के प्रशिक्षकों बृजेंद्र मल और ललित कुँवर को भी सम्मानित करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे कोच और परिवार की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है।
धामी ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और हरसंभव सहयोग उपलब्ध करा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड की बेटियां भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए कीर्तिमान स्थापित कर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाती रहेंगी।