दिल्ली में कांग्रेस की चुनावी रणनीति बैठक, उत्तराखंड विधानसभा चुनाव का रोडमैप होगा तय
The Mountain People
TMP : उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने के लिए कांग्रेस मंगलवार को दिल्ली में अहम रणनीतिक बैठक करने जा रही है। पार्टी की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा ने प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की बैठक बुलाई है, जिसमें चुनाव अभियान, संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर मंथन होगा।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, विधायक काजी निजामुद्दीन समेत करीब 10 वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित किया गया है। सभी नेताओं से चुनावी रणनीति को लेकर अपने सुझाव भी साथ लाने को कहा गया है।
सूत्रों के अनुसार बैठक में राज्यभर में जनसंपर्क अभियान, कार्यकर्ता सम्मेलन, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की योजना और चुनावी मुद्दों को धार देने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी के गठन पर भी अंतिम मंथन होने की संभावना है। माना जा रहा है कि हाईकमान की मंजूरी मिलने के बाद नई प्रांतीय कार्यकारिणी की घोषणा की जा सकती है।
इसके अलावा उत्तराखंड में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं की प्रस्तावित रैलियों, दौरों और चुनावी कार्यक्रमों का खाका भी इसी बैठक में तैयार किए जाने की संभावना है।