आंध्र प्रदेश में फिर बढ़ा कोरोना का खतरा, 8 सक्रिय मरीज मिले; दो मौतों के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
The Mountain People
TMP: देश में कोरोना संक्रमण को लेकर एक बार फिर सतर्कता बढ़ा दी गई है। आंध्र प्रदेश के वाईएसआर कड़पा जिले में कोविड-19 के नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। जिले में फिलहाल 8 सक्रिय मरीज हैं, जबकि संक्रमण से दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इसके बाद राज्य सरकार ने निगरानी और बचाव के उपाय तेज कर दिए हैं।
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, हाल ही में 52 वर्षीय एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 43 वर्षीय एक अन्य मरीज, जो पहले से अन्य बीमारियों से पीड़ित था, ने भी कोविड आईसीयू में दम तोड़ दिया। वहीं, कड़पा मेडिकल कॉलेज की 25 वर्षीय मेडिकल छात्रा भी संक्रमित पाई गई है, जिसे होम आइसोलेशन में रखा गया है।
नए वैरिएंट की जांच शुरू
स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की पहचान कर जांच शुरू कर दी है। अब तक करीब 40 लोगों के सैंपल लिए गए हैं, जिनमें 18 की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जबकि अन्य रिपोर्ट का इंतजार है। साथ ही वायरस के संभावित नए वैरिएंट की पहचान के लिए सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग हेतु पुणे की प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
मास्क और निगरानी पर फिर जोर
स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने भीड़भाड़ वाले स्थानों, अस्पतालों और सार्वजनिक जगहों पर मास्क पहनने की अनिवार्यता लागू कर दी है। स्वास्थ्य अधिकारियों को सर्दी, खांसी और सांस लेने में तकलीफ वाले मरीजों की तुरंत पहचान कर जांच और आइसोलेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा संक्रमित मरीजों के परिवारों की भी टेस्टिंग की जा रही है तथा प्रभावित इलाकों में सैनिटाइजेशन अभियान तेज कर दिया गया है।
घबराएं नहीं, सावधानी बरतें
स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों को टेस्टिंग, सर्विलांस और रिपोर्टिंग बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों को पर्याप्त बेड, ऑक्सीजन और अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध रखने को कहा गया है। डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि घबराने की बजाय सतर्क रहें। यदि बुखार, खांसी, गले में दर्द या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या चिकित्सक से संपर्क करें।