Site icon The Mountain People

SIR अभियान की समीक्षा: मतदाताओं को न हो परेशानी, पहाड़ी जिलों में विशेष इंतजाम के निर्देश

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने शुक्रवार को कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के आयुक्तों तथा सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के अगले चरणों के दौरान मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन, नोटिस जारी करने और दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और सुगमता के साथ संपन्न कराया जाए। विशेष रूप से पहाड़ी जिलों में मानसून के दौरान सड़कें बाधित होने की संभावना को देखते हुए पहले से ही वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि जहां निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO) और सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (AERO) सुनवाई करेंगे, वहां बिजली, पेयजल, इंटरनेट, स्कैनर और फोटोकॉपी मशीन जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। पहाड़ी क्षेत्रों में न्याय पंचायत स्तर पर क्लस्टर आधारित शिविरों का रोस्टर तैयार करने तथा मैदानी क्षेत्रों में तहसील, नगर निगम, नगर पंचायत और वार्ड स्तर पर भी विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में दस्तावेजों के सत्यापन को आसान बनाने के लिए शिक्षा, राजस्व और तहसील सहित संबंधित विभागों से नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य में वर्तमान में 70 ईआरओ और 800 एईआरओ तैनात हैं। जिन जिलों में अतिरिक्त एईआरओ की आवश्यकता है, वहां से प्रस्ताव शनिवार तक मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने दोनों मंडलों के आयुक्तों को 14 जुलाई से जिलों का स्थलीय निरीक्षण करने के लिए कहा, ताकि अभियान की प्रगति का मौके पर आकलन किया जा सके। साथ ही सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों और ईआरओ को निर्देशित किया गया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होने से पहले जिला और विधानसभा स्तर पर राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित कर उन्हें मतदाता सूची उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत, गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास तथा सभी जिलों के जिलाधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version