Site icon The Mountain People

कुंभ-2027 होगा दिव्य, भव्य और सुरक्षित, सरकार पूरी तैयारी में: मुख्यमंत्री धामी

 

 

 

हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आगामी कुंभ-2027 को दिव्य, भव्य और सुरक्षित बनाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि राज्य सरकार इस महाआयोजन की तैयारियों में पूरी प्रतिबद्धता के साथ जुटी है। उन्होंने कहा कि कुंभ केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, आध्यात्मिक चेतना और सनातन संस्कृति का वैश्विक महापर्व है।

बुधवार को हरिद्वार स्थित प्रेमनगर आश्रम में पूज्य मोरारी बापू की श्रीराम कथा के समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार की पावन भूमि पर उन्हें अद्वितीय आध्यात्मिक सुख और आनंद की अनुभूति हुई। उन्होंने मोरारी बापू को भगवान श्रीराम के आदर्शों और भारतीय संस्कृति के सशक्त संवाहक बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब दुनिया युद्ध, हिंसा और आतंकवाद जैसी चुनौतियों से जूझ रही है, तब भारत की सनातन संस्कृति का “वसुधैव कुटुम्बकम्” का संदेश पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सांस्कृतिक पुनर्जागरण के दौर से गुजर रहा है और उत्तराखंड सरकार देवभूमि को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से केदारखंड-मानसखंड मंदिर माला मिशन, हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर, शारदा कॉरिडोर और प्राचीन मंदिरों के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण की योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। उनके अनुसार, चारधाम यात्रा में पिछले सभी रिकॉर्ड टूट रहे हैं और दो माह के भीतर 45 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं हेमकुंड साहिब यात्रा में डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु मत्था टेक चुके हैं, जबकि कैलाश मानसरोवर यात्रा में भी श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि 5 जुलाई को कैलाश मानसरोवर यात्रा के प्रथम दल को रवाना करने का अवसर उन्हें मिला, जो राज्य में विकसित हो रहे बेहतर बुनियादी ढांचे और सुरक्षित यात्रा प्रबंधन का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “विकास भी, विरासत भी” के मंत्र के साथ देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान, आध्यात्मिक गरिमा और सनातन परंपरा के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान करते हुए विश्वास जताया कि संतों के आशीर्वाद और जनसहभागिता से उत्तराखंड आध्यात्मिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

इस अवसर पर परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, राज्य मंत्री सुनील सैनी, देशराज कर्णवाल, नितिन गौतम, अजीत चौधरी, शोभाराम प्रजापति, आदेश सैनी, जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित अनेक संत, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

 

 

Exit mobile version