Site icon The Mountain People

बदरीनाथ धाम के दान-चढ़ावा मामले की होगी उच्चस्तरीय जांच, मुख्यमंत्री के निर्देश पर तीन सदस्यीय समिति गठित

 

 

 

देहरादून: श्री बदरीनाथ धाम में दान-चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राज्य सरकार ने तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया है। समिति को पूरे मामले की विस्तृत जांच कर 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल की ओर से जारी आदेश के अनुसार, गढ़वाल मंडल आयुक्त को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के प्रबंध निदेशक संदीप तिवारी और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के निदेशक (वित्त) जगत सिंह चौहान को समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है।

समिति श्री बदरीनाथ धाम में प्राप्त होने वाले दान-चढ़ावे के प्रबंधन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करेगी। यदि जांच के दौरान आवश्यकता महसूस होती है तो समिति किसी भी अधिकारी, विशेषज्ञ या अन्य संबंधित व्यक्ति से जानकारी और तकनीकी परामर्श भी ले सकेगी।

सरकार ने समिति को केवल कथित अनियमितताओं की जांच तक सीमित नहीं रखा है, बल्कि दान-चढ़ावा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाने के लिए सुधारात्मक सुझाव देने की जिम्मेदारी भी सौंपी है।

सरकार का कहना है कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस संवेदनशील विषय में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 
 
Exit mobile version