Site icon The Mountain People

बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति की बड़ी कार्रवाई, निजी सहायक प्रमोद नौटियाल निलंबित

 

 

 

देहरादून/जोशीमठ: श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने प्रशासनिक पारदर्शिता और अनुशासन को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए अध्यक्ष कार्यालय में तैनात व्यक्तिगत सहायक प्रमोद नौटियाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उनके खिलाफ सामने आई कथित अनियमितताओं और प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।

समिति के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को प्रमोद नौटियाल को पदीय दायित्वों के निर्वहन में प्रथम दृष्टया गंभीर अनियमितताओं के आरोपों को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन किया गया था।

बीकेटीसी का कहना है कि कर्मचारी से प्राप्त स्पष्टीकरण और जांच समिति की प्रारंभिक रिपोर्ट का परीक्षण करने के बाद आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति भी की है।

समिति ने यह भी माना कि यदि संबंधित कर्मचारी को वर्तमान पद पर बनाए रखा जाता है तो जांच प्रभावित होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसी आधार पर निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्णय लिया गया।

निलंबन अवधि के दौरान प्रमोद नौटियाल को नियमानुसार जीवन-निर्वाह भत्ता मिलेगा। साथ ही उन्हें बीकेटीसी के जोशीमठ (चमोली) स्थित कार्यालय से संबद्ध किया गया है। आदेश के अनुसार, सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना वह मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे और जांच एवं अनुशासनात्मक कार्यवाही में पूरा सहयोग देना होगा।

बीकेटीसी ने स्पष्ट किया है कि मंदिर समिति में पारदर्शिता, जवाबदेही और अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 
 
Exit mobile version