Site icon The Mountain People

टिहरी की सपना राणा ने जर्मनी में पाई 3.30 लाख रुपये प्रतिमाह की नौकरी, सीएम धामी ने दी शुभकामनाएं

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड की बेटी सपना राणा ने राज्य सरकार की मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना का लाभ उठाकर जर्मनी में प्रतिष्ठित अस्पताल में नौकरी हासिल कर प्रदेश का मान बढ़ाया है। बुधवार को मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात के दौरान सपना राणा ने अपनी सफलता की जानकारी साझा की।

टिहरी गढ़वाल निवासी सपना राणा ने राज्य सरकार द्वारा संचालित जर्मन भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर भाषा परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उनका चयन जर्मनी के हैम्बर्ग स्थित Schon Klinik में नर्स के पद पर हुआ है, जहां उन्हें 3060 यूरो (लगभग 3.30 लाख रुपये) प्रतिमाह वेतन मिलेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सपना राणा को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं को अंतरराष्ट्रीय रोजगार अवसरों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत गठित विदेश रोजगार प्रकोष्ठ के माध्यम से युवाओं को जापान और जर्मनी जैसे देशों में रोजगार के लिए भाषा एवं कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक राज्य के लगभग 65 युवाओं को जापान में रोजगार दिलाया जा चुका है और आने वाले समय में वैश्विक रोजगार के अवसरों का दायरा और बढ़ाया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बताया कि जर्मनी में नर्सिंग क्षेत्र में प्रशिक्षित युवाओं के लिए व्यापक रोजगार अवसर उपलब्ध हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए जर्मन भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सपना राणा की सफलता प्रदेश के अन्य युवाओं, विशेषकर युवतियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।

सपना राणा ने अपनी स्कूली शिक्षा Jawahar Navodaya Vidyalaya Pokhal से तथा नर्सिंग की पढ़ाई State Nursing College Dehradun से पूरी की है। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत मिले प्रशिक्षण ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करियर बनाने का अवसर प्रदान किया।

Exit mobile version