उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में मानसून का इंतजार, उमस और बिजली कटौती से बेहाल हरिद्वार-रुड़की
The Mountain People
रुड़की: केरल में मानसून की दस्तक के बाद उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में भी लोगों की निगाहें अब बारिश पर टिकी हैं। भीषण गर्मी और बढ़ती उमस के बीच हरिद्वार जिले के लोग मानसून के आगमन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हालांकि मौसम विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश में मानसून के 20 जून के बाद पहुंचने की संभावना है।
रविवार को हरिद्वार और रुड़की क्षेत्र में गर्मी का प्रकोप जारी रहा। दिनभर तेज धूप और उमस भरे मौसम ने लोगों को परेशान किए रखा। वहीं कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं। गर्म हवाओं और बिजली कटौती के कारण घरों और बाजारों में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
पिछले कुछ दिनों से आसमान में हल्के बादलों की आवाजाही तो हो रही है, लेकिन बारिश नहीं होने से गर्मी में कोई राहत नहीं मिल पा रही है। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग से जुड़े विशेषज्ञों के अनुसार सोमवार को भी जिले में मौसम साफ रहने की संभावना है और फिलहाल बारिश के आसार कम हैं। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद कम दिखाई दे रही है।
बाजारों पर भी दिख रहा असर
भीषण गर्मी का असर स्थानीय बाजारों में भी साफ नजर आ रहा है। तेज धूप और गर्म मौसम के कारण लोग केवल जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। इसका असर व्यापारिक गतिविधियों पर भी पड़ा है। सामान्य दिनों के साथ-साथ सप्ताहांत में भी बाजारों में अपेक्षाकृत कम भीड़ देखने को मिल रही है।
व्यापारियों का कहना है कि दोपहर के समय बाजार लगभग सूने हो जा रहे हैं और ग्राहक संख्या में लगातार कमी देखी जा रही है। अब लोगों की उम्मीदें मानसून की पहली अच्छी बारिश पर टिकी हैं, जिससे तापमान में गिरावट आए और गर्मी से राहत मिल सके।