उत्तराखंड-राजस्थान के बीच शिक्षा और संस्कृति पर मंथन, मुख्यमंत्री धामी से मिले मंत्री मदन दिलावर
The Mountain People
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच शिक्षा, पंचायती राज, संस्कृत भाषा के संरक्षण और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संवर्धन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में शिक्षा क्षेत्र में नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था, ग्रामीण विकास और स्थानीय स्वशासन संस्थाओं को अधिक प्रभावी बनाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। दोनों राज्यों के बीच अनुभवों के आदान-प्रदान और सहयोग को बढ़ाने पर भी सहमति व्यक्त की गई।
मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड में नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, विद्यालयी शिक्षा को मजबूत बनाने, डिजिटल शिक्षा के विस्तार तथा पंचायतों को अधिक सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, संस्कृत भाषा और पारंपरिक ज्ञान के संरक्षण के लिए राज्यों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग समय की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई पीढ़ी को भारतीय मूल्यों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के लिए शिक्षा व्यवस्था में नवाचारों को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में विकास और स्थानीय निकायों को अधिक सक्षम बनाने के लिए भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।
इस अवसर पर मंत्री मदन दिलावर ने शिक्षा, संस्कृति संरक्षण और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उत्तराखंड सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राजस्थान और उत्तराखंड दोनों राज्यों के पास समृद्ध सांस्कृतिक विरासत है, जिसे संरक्षित और आगे बढ़ाने के लिए आपसी सहयोग को और मजबूत किया जा सकता है।
बैठक में दोनों नेताओं ने शिक्षा, संस्कृति और पंचायती राज संस्थाओं से जुड़े विषयों पर भविष्य में भी संवाद और सहयोग जारी रखने पर जोर दिया।
यह मुलाकात शिक्षा सुधार, सांस्कृतिक संरक्षण और स्थानीय स्वशासन को मजबूत बनाने की दिशा में दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय का संकेत मानी जा रही है।