Site icon The Mountain People

नीति घाटी में दौड़ी रोमांच की साइकिल, एमटीबी चैलेंज में खिलाड़ियों ने दिखाई दमदार चुनौती

 

 

 

चमोली: सीमांत नीति घाटी में आयोजित तीन दिवसीय ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का समापन रोमांच और उत्साह से भरपूर माउंटेन बाइकिंग (एमटीबी) चैलेंज के साथ हुआ। गमसाली से मलारी के बीच आयोजित 30 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण प्रतियोगिता में देशभर से पहुंचे प्रतिभागियों ने कठिन पहाड़ी रास्तों और दुर्गम ट्रैक पर अपने साहस और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर नीति घाटी में आयोजित इस प्रतियोगिता में 100 से अधिक साइकिल चालकों ने हिस्सा लिया। ऊंचे पहाड़ों, संकरे मार्गों और चुनौतीपूर्ण चढ़ाइयों के बीच खिलाड़ियों का जोश देखने लायक रहा।

30 किलोमीटर पुरुष वर्ग में खरिकसिंग अडॉनिस तांगपू ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। सूरज राणा मगर दूसरे और प्रकाश थापा मगर तीसरे स्थान पर रहे। वहीं महिला वर्ग में अवनी डरियाल ने शानदार प्रदर्शन कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। संध्या मौर्या दूसरे और इंद्रा कुमारी तमांग तीसरे स्थान पर रहीं।

15 किलोमीटर पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता में प्रज्ज्वल चौहान ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि ईशांत सिंह अधिकारी दूसरे और अश्विन रौथान तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में प्रिया ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

पर्यटन विभाग, भारतीय सेना और आईटीबीपी के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस तीन दिवसीय आयोजन में देश के 27 राज्यों से आए 1200 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देना, स्थानीय संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाना और युवाओं को फिटनेस तथा साहसिक खेलों के प्रति प्रेरित करना था।

पूरे आयोजन के दौरान नीति घाटी खेल, पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनी रही। स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, भारतीय सेना, आईटीबीपी, चिकित्सा विभाग और विभिन्न सरकारी एजेंसियों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ ने एक बार फिर साबित किया कि उत्तराखंड की सीमांत घाटियां केवल प्राकृतिक सुंदरता ही नहीं, बल्कि एडवेंचर स्पोर्ट्स और बॉर्डर टूरिज्म की अपार संभावनाओं से भी भरपूर हैं।

 
 
Exit mobile version