Site icon The Mountain People

बदरीनाथ हाईवे पर बड़ा खतरा, भारी बारिश से 50 मीटर सड़क धंसी; प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

photo - jagran

 

 

 

देवप्रयाग: ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार हो रही बारिश ने चिंता बढ़ा दी है। देवप्रयाग क्षेत्र के भरपूर और तीन धारा के बीच सुरक्षा दीवार ढहने से हाईवे का करीब 50 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे सड़क नीचे से पूरी तरह खोखली हो गई है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में जारी बारिश के बीच शनिवार रात हुई मूसलधार वर्षा ने सड़क को गंभीर नुकसान पहुंचाया। तेज बहाव और भू-कटाव के चलते हाईवे का हिस्सा गंगा की ओर धंस गया। हालांकि मार्ग पूरी तरह बंद नहीं किया गया है, लेकिन प्रभावित हिस्से पर जोखिम काफी बढ़ गया है।

घटना की सूचना मिलते ही बछेलीखाल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी दीपक लिंगवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित करने के लिए बैरियर, चेतावनी टेप और रेत के कट्टे लगाकर अस्थायी सुरक्षा व्यवस्था की।

चारधाम यात्रा के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस क्षेत्र से गुजरते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें और निर्धारित सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। विशेषकर रात के समय और खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

वहीं देवप्रयाग से ऋषिकेश के बीच कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आई हैं। पहाड़ियों से सड़क पर बड़े-बड़े पत्थर और मलबा गिरने के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

हालांकि लगातार हो रही बारिश से जंगलों में धधक रही आग पर काफी हद तक नियंत्रण मिला है। इसके साथ ही भीषण गर्मी से भी राहत मिली है। मौसम में आई ठंडक और हरियाली के बीच चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालु प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद भी ले रहे हैं।

फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता हाईवे के क्षतिग्रस्त हिस्से की सुरक्षा सुनिश्चित करने और चारधाम यात्रा को सुचारु बनाए रखने पर केंद्रित है।

Exit mobile version