चमोली के चमशिल जंगलों में भीषण आग, पांच हेक्टेयर प्लांटेशन जलकर राख
The Mountain People
TMP :विकासखंड के चमशिल क्षेत्र के जंगलों और प्लांटेशन में लगी भीषण आग से वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है। आग लगने की घटना रविवार रात सामने आई, जिसके बाद वन विभाग और ग्रामीणों ने पूरी रात आग बुझाने के प्रयास किए।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत चमशिल के चीड़ के जंगलों तथा Alaknanda Forest Division के प्लांटेशन क्षेत्र में अचानक आग भड़क उठी। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की नागनाथ रेंज और अलकनंदा वन प्रभाग की टीमें रात करीब नौ बजे मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने में जुट गईं।
हालांकि आग की लपटें काफी तेज थीं और क्षेत्र चट्टानी होने के कारण रातभर मशक्कत के बावजूद आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। सोमवार सुबह दोबारा अभियान चलाया गया, जिसके बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।
रेंज अधिकारी Bhajni Lal Shah ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही विभागीय टीमों को मौके पर भेजा गया था। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे करीब पांच हेक्टेयर क्षेत्र में किया गया प्लांटेशन जलकर नष्ट हो गया।
उन्होंने बताया कि सुबह के समय आग जय डुंगरा और विसाल के जंगलों की ओर बढ़ने लगी थी, लेकिन वन कर्मियों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया।
ग्राम प्रधान Satyendra Singh Kotiyal और सामाजिक कार्यकर्ता Chandra Prakash Bhatt ने आग बुझाने में जुटी वन विभाग की टीमों और ग्रामीणों के प्रयासों की सराहना की।