सितारगंज: CM Pushkar Singh Dhami ने रविवार को शक्तिफार्म को सिडकुल क्षेत्र से जोड़ने के लिए सिसौना नदी पर लगभग 11 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 150 मीटर स्पान सीसी पुल का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पुल के निर्माण से क्षेत्र के करीब 50 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और सिडकुल सितारगंज व विकासखंड कार्यालय सिसौना तक पहुंचने की दूरी लगभग 9 किलोमीटर कम हो जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पुल क्षेत्र में आवागमन को आसान बनाने के साथ आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति देगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से विकास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार शहरों से लेकर दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ऊधमसिंह नगर और शक्तिफार्म-सितारगंज क्षेत्र में कई महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि शक्तिफार्म में पीपीपी मॉडल के तहत मिल्क पाउडर, आइसक्रीम और चीज निर्माण से जुड़ी आधुनिक डेयरी प्रसंस्करण इकाई स्थापित की जा रही है। वहीं प्रह्लाद पलसिया में लगभग 54 करोड़ रुपये की लागत से एक्वा पार्क का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिसका 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए पीएचसी को 30 बेड के सीएचसी में उच्चीकृत किया गया है। इसके अलावा सितारगंज-टनकपुर फोरलेन सड़क, आधुनिक ड्रेनेज प्रणाली, विभिन्न मोटर मार्गों और मल्टी स्टोरी पार्किंग निर्माण कार्य भी प्रगति पर हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद ऊधमसिंह नगर के किच्छा में लगभग 351 करोड़ रुपये की लागत से 100 एकड़ भूमि पर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य जारी है। पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के हवाईअड्डे की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही गदरपुर और खटीमा बाईपास, बस अड्डों, खेल स्टेडियमों, साइकिलिंग ट्रैक, एथलेटिक्स ट्रैक और औद्योगिक परियोजनाओं के जरिए क्षेत्र को नई पहचान देने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना को पुनः शुरू कर तराई क्षेत्र की पेयजल और सिंचाई जरूरतों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। किसानों के हित में गन्ने के समर्थन मूल्य में 30 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी भी की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा शुरू किए गए सभी विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कर जनता को समर्पित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और पारदर्शी प्रशासन के लिए भी प्रतिबद्ध है। प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाया गया है, जिसके परिणामस्वरूप पिछले साढ़े चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर मिला है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री Saurabh Bahuguna ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा क्षेत्र के विकास के लिए किए जा रहे कार्य ऐतिहासिक हैं। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
Related posts:
Related posts:
- सीबीआई के सामने आज पेश नहीं हुए हरदा
- मुख्यमंत्री ने टनल में जाकर राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति के संबंध में ली विस्तृत जानकारी
- देवभूमि में नारी शक्ति का सम्मान- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रजत जयंती सत्र में भरी उत्साह की नई ऊर्जा
- दिल्ली विस्फोट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुख, उत्तराखंड में हाई अलर्ट के निर्देश

