Site icon The Mountain People

जन सुरक्षा योजनाओं ने बदली करोड़ों परिवारों की तस्वीर, 11 साल में 25 हजार करोड़ से ज्यादा दावों का भुगतान

 

 

 

नई दिल्ली: केंद्र सरकार की जन सुरक्षा योजनाओं ने देश के करोड़ों लोगों को आर्थिक सुरक्षा का मजबूत सहारा दिया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) के तहत वर्ष 2015 से अब तक करीब 25,160 करोड़ रुपये के बीमा दावों का निपटारा किया जा चुका है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 9 मई 2015 को शुरू की गई इन योजनाओं का उद्देश्य गरीब, वंचित और असंगठित वर्गों को बेहद कम प्रीमियम पर सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना था। आज 11 साल पूरे होने पर ये योजनाएं देश के करोड़ों परिवारों के लिए आर्थिक संबल बन चुकी हैं।

करोड़ों लोगों ने लिया योजनाओं का लाभ

वित्त मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत अब तक 27 करोड़ से अधिक नामांकन हुए हैं, जबकि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में 58 करोड़ से ज्यादा लोग जुड़ चुके हैं। वहीं अटल पेंशन योजना के तहत भी 9 करोड़ से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया है।

उन्होंने कहा कि पीएमजेजेबीवाई के तहत 10.7 लाख से अधिक परिवारों को 21,500 करोड़ रुपये से ज्यादा के दावों का भुगतान किया गया है। वहीं पीएमएसबीवाई के तहत 1.84 लाख परिवारों को लगभग 3,660 करोड़ रुपये की सहायता दी गई।

महिलाओं की बढ़ी भागीदारी

सरकार के आंकड़ों के अनुसार 29 अप्रैल तक पीएमजेजेबीवाई में 12.72 करोड़ और पीएमएसबीवाई में 27.45 करोड़ महिलाओं का नामांकन हो चुका है। वहीं अप्रैल 2025 तक अटल पेंशन योजना में 7.66 करोड़ से ज्यादा लोग शामिल हो चुके हैं।

वित्त मंत्री ने इन योजनाओं की सफलता के लिए बैंकों और बीमा कंपनियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि जनसुरक्षा योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में उनका बड़ा योगदान रहा है।

क्या है प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना?

प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत मात्र 436 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर दो लाख रुपये का जीवन बीमा कवर मिलता है।

18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के लोग बैंक या डाकघर के माध्यम से इस योजना से जुड़ सकते हैं। योजना के तहत बीमाधारक की मृत्यु होने पर नामिनी को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।

पीएम सुरक्षा बीमा योजना में मामूली प्रीमियम पर सुरक्षा

प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना 18 से 70 वर्ष तक के लोगों को सालाना केवल 20 रुपये के प्रीमियम पर दुर्घटना बीमा उपलब्ध कराती है।

इस योजना में आकस्मिक मृत्यु या पूर्ण विकलांगता की स्थिति में दो लाख रुपये तथा आंशिक विकलांगता पर एक लाख रुपये का बीमा कवर दिया जाता है।

अटल पेंशन योजना से बुजुर्गों को सहारा

अटल पेंशन योजना खास तौर पर असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए शुरू की गई थी। यह योजना 60 वर्ष की आयु के बाद 1,000 से 5,000 रुपये तक मासिक पेंशन की गारंटी देती है।

18 से 40 वर्ष तक के गैर-आयकरदाता खाताधारक इसमें नामांकन करा सकते हैं। सरकार का मानना है कि यह योजना वृद्धावस्था में आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

Exit mobile version