नई दिल्ली: CM धामी ने चारधाम यात्रा को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए एलपीजी आपूर्ति को लेकर केंद्र सरकार से बड़ा अनुरोध किया है। उन्होंने हरदीप सिंह पुरी से नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में मुलाकात कर इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अप्रैल से नवंबर तक चलने वाली चारधाम यात्रा के दौरान राज्य में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिससे व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की मांग तेजी से बढ़ जाती है। इस अवधि में उत्तराखंड को करीब 9.67 लाख व्यावसायिक सिलेंडरों की जरूरत पड़ती है। ऐसे में आपूर्ति को 100 प्रतिशत बनाए रखना बेहद जरूरी है।
उन्होंने यह भी बताया कि जून से सितंबर के बीच मानसून के दौरान राज्य आपदाओं के लिहाज से बेहद संवेदनशील रहता है। पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्रों में राहत व बचाव कार्यों के लिए एलपीजी गैस अहम भूमिका निभाती है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने अतिरिक्त 5 प्रतिशत यानी लगभग 48 हजार से अधिक सिलेंडरों का अलग से आवंटन करने की मांग की।
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था काफी हद तक पर्यटन, खासकर धार्मिक पर्यटन पर निर्भर है। चारधाम यात्रा न सिर्फ आस्था का केंद्र है, बल्कि राज्य की आर्थिक गतिविधियों की रीढ़ भी है।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया और राज्य के हितों के प्रति केंद्र की प्रतिबद्धता दोहराई।