देहरादून: जनपद में पड़ रही तेज गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सोमवार 27 अप्रैल को कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी स्कूलों के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी सविन बंसल द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अलर्ट के अनुसार जिले में भीषण गर्मी और लू की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने 27 अप्रैल को भी अत्यधिक तापमान की चेतावनी दी है।
प्रशासन के मुताबिक, बढ़ती गर्मी से हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ गया है, जिससे विद्यार्थियों और आमजन के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि अवकाश के आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए।
मौसम विभाग के अनुसार, जहां मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप और तापमान में वृद्धि के आसार हैं, वहीं पहाड़ी इलाकों में कहीं-कहीं बारिश, बर्फबारी, आकाशीय बिजली और अंधड़ की भी संभावना जताई गई है।