Site icon The Mountain People

आस्था के रास्ते पर खतरे की आहट? यमुनोत्री यात्रा में दो श्रद्धालुओं की मौत ने बढ़ाई चिंता

 

 

 

 

TMP :चारधाम यात्रा के शुभारंभ के साथ ही यमुनोत्री धाम मार्ग से आई दो दुखद घटनाओं ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकीचट्टी क्षेत्र में अलग-अलग समय पर दो श्रद्धालुओं की मौत ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

जानकारी के अनुसार, इंदौर निवासी 40 वर्षीय महिला श्रद्धालु प्रतिभा मिश्रा की देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों द्वारा उन्हें तुरंत जानकीचट्टी स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के मुताबिक, महिला की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी।

यह भी पढ़ें- यमकेश्वर में गूंजा भक्ति का संदेश: मुख्यमंत्री धामी बोले—“श्रीमद्भागवत जीवन को देती है सकारात्मक दिशा”

दूसरी घटना रविवार तड़के करीब 3:45 बजे सामने आई। एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में जानकीचट्टी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में मृतक की पहचान 65 वर्षीय उदय गजानन तांबे, निवासी नासिक के रूप में हुई है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में दोनों मौतों का कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच जारी है।

इन घटनाओं के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। चारधाम यात्रा के शुरुआती दिनों में ही सामने आई इन घटनाओं ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अनिवार्य रूप से स्वास्थ्य परीक्षण कराएं, जरूरी दवाइयां साथ रखें और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें। साथ ही, किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

 
Exit mobile version