देहरादून : देहरादून स्थित लोक भवन परिसर में गुरुवार को बहुउद्देशीय भवनों के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संयुक्त रूप से इन भवनों का शिलान्यास किया।
इस परियोजना के तहत चार प्रमुख भवनों का निर्माण किया जाएगा, जिनमें आधुनिक सुविधाओं के साथ पारंपरिक पहाड़ी वास्तुकला की झलक देखने को मिलेगी। पहले भवन में एक समेकित डिस्पेंसरी स्थापित की जाएगी, जहां आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक और एलोपैथिक चिकित्सा सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। दूसरे भवन में सूचना परिसर और कैफेटेरिया, तीसरे में लोक निर्माण विभाग कार्यालय और चौथे में उद्यान विभाग कार्यालय का निर्माण प्रस्तावित है।
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने इस अवसर पर कहा कि इन भवनों के बनने से लोक भवन परिसर में विभिन्न सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे कार्यप्रणाली अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी बनेगी। उन्होंने इसे समय और संसाधनों की बचत के साथ प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने वाला कदम बताया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह बहुउद्देशीय अवसंरचना सुशासन को मजबूत करने की दिशा में अहम पहल है। एक ही परिसर में विभिन्न विभागों की उपलब्धता से प्रशासनिक समन्वय बेहतर होगा और आमजन को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि भवनों का निर्माण पारंपरिक पहाड़ी वास्तुकला के अनुरूप होने से प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय कारीगरों एवं संसाधनों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
कार्यक्रम में सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, विधि परामर्शी कौशल किशोर शुक्ल, उप सचिव लक्ष्मण राम आर्य, संयुक्त निदेशक सूचना डॉ. नितिन उपाध्याय, अधिशासी अभियंता नीरज त्रिपाठी, सहायक अभियंता दिवाकर धस्माना, अपर सहायक अभियंता अमित सेमवाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।