Site icon The Mountain People

PM मोदी से मिले सीएम धामी, उत्तराखंड दौरे का दिया निमंत्रण; विकास परियोजनाओं पर रखी बड़ी मांगें

 

 

 

नई दिल्ली: मुख्यमंत्री धामी ने गुरुवार को नई दिल्ली में नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास में केंद्र सरकार के सहयोग के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया और उन्हें उत्तराखंड आने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को टिहरी जनपद स्थित मां सुरकंडा देवी की प्रतिकृति, बद्री गाय का घी, विभिन्न जिलों की राजमा और शहद भेंट किए। उन्होंने हरिद्वार कुम्भ-2027 के लिए ₹500 करोड़ की सहायता, नदी जोड़ो परियोजना के तहत अध्ययन, राजाजी नेशनल पार्क स्थित चौरासी कुटिया के विकास, पिथौरागढ़ के नैनी-सैनी हवाई पट्टी और चारधाम यात्रा के लिए सुरक्षित हेली सेवाओं में सहयोग हेतु केंद्र का विशेष धन्यवाद किया।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण आधारभूत परियोजनाओं—ऋषिकेश में विद्युत लाइनों के भूमिगतकरण, चम्पावत बाईपास, देहरादून रिंग रोड और देहरादून-मसूरी मार्ग—को स्वीकृति देने के लिए भी आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने राज्य में चल रही योजनाओं और प्रधानमंत्री के पूर्व दौरे के दौरान दिए गए सुझावों पर हुई प्रगति की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को वैश्विक वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की योजना का जिक्र करते हुए बताया कि चौपता, दुग्गलबिट्ठा, पटवाडांगर और शारदा कॉरिडोर में इस दिशा में कार्य हो रहा है। वहीं रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण पहले से लोकप्रिय वेडिंग डेस्टिनेशन बन चुके हैं।

उन्होंने राज्य में “स्पिरिचुअल इकोनॉमिक जोन” के रूप में बेल केदार, अंजनीसैंण-टिहरी और लोहाघाट-श्यामलाताल क्षेत्रों को विकसित करने की योजना की जानकारी भी दी। साथ ही शीतकालीन यात्रा, आदि कैलाश यात्रा, एडवेंचर टूरिज्म और “हाउस ऑफ हिमालयाज” जैसे प्रयासों के जरिए स्थानीय रोजगार बढ़ाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों को साझा किया।

सीएम धामी ने केंद्र सरकार से Regional Rapid Transit System (RRTS) का विस्तार मेरठ से हरिद्वार और ऋषिकेश तक करने का अनुरोध किया। इसके अलावा रक्षा उपकरण निर्माण इकाइयों की स्थापना, रायवाला में बीआई-डक ब्रिज, चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप विस्तार और टिहरी झील में सी-प्लेन सेवा शुरू करने का प्रस्ताव भी रखा।

मुख्यमंत्री ने दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेस-वे के निर्माण की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इससे काशीपुर, रुद्रपुर, पंतनगर एयरपोर्ट और जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क तक आवागमन सुगम होगा। साथ ही उन्होंने रेल कनेक्टिविटी के विस्तार के लिए ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन, हरिद्वार-देहरादून डबलिंग और ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन के निर्माण पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को राज्य में प्रस्तावित परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रमों के लिए भी आमंत्रित किया। इनमें दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे, टिहरी पम्प्ड स्टोरेज प्लांट, पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार और बनबसा लैंड पोर्ट जैसी प्रमुख परियोजनाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की विभिन्न पहलों—होम-स्टे योजना, “Uttarastays” पोर्टल, बागवानी विकास, “मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना”, “उद्यमशाला योजना” और “देवभूमि परिवार योजना”—की जानकारी देते हुए कहा कि इनसे प्रदेश में रोजगार, पर्यटन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।

 
 
Exit mobile version