Site icon The Mountain People

रामनवमी पर सीएम धामी ने किया कन्या पूजन, देवी स्वरूपा बालिकाओं का सम्मान

 

 

 

देहरादून: CM पुष्कर सिंह धामी ने रामनवमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में कन्या पूजन कर देवी स्वरूपा बालिकाओं का सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार कन्याओं को भोजन कराया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन हमें कर्तव्यनिष्ठा, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का आदर्श जीवन समाज के लिए मार्गदर्शक है।

मुख्यमंत्री ने प्रार्थना की कि प्रभु श्रीराम की कृपा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे तथा प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहे। उन्होंने कहा कि रामनवमी का पर्व मर्यादा, आदर्शों और नैतिक मूल्यों के प्रति हमारी आस्था को और अधिक मजबूत करता है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कन्या पूजन की परंपरा को भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि यह नारी सम्मान और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए सभी को रामनवमी की शुभकामनाएं दीं।

 
Exit mobile version