Site icon The Mountain People

मुख्यमंत्री ने प्रदान की विभिन्न विकास योजनाओं के लिए ₹ 242 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति

 

 

 

 

देहरादून: CM धामी ने राज्य में अवस्थापना विकास को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं के लिए ₹ 242 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। यह धनराशि नगरीय अवस्थापना सुविधाओं, शारदा रिवर फ्रंट, हरिद्वार मास्टर प्लान, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर, क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों के निर्माण, बाढ़ सुरक्षा कार्यों, अतिथि गृहों एवं कार्यालय भवनों के निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर खर्च की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने नियोजन विभाग के अंतर्गत यूआईआईडीबी द्वारा संचालित शारदा रिवर फ्रंट परियोजना, हरिद्वार मास्टर प्लान और ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर सहित अन्य योजनाओं के लिए ₹ 109 करोड़ की स्वीकृति को भी मंजूरी दी है।

राज्य योजना के तहत विभिन्न जनपदों में सड़क एवं पुल निर्माण को प्राथमिकता देते हुए पौड़ी गढ़वाल के कोट विकासखंड में मोटर मार्गों के पुनर्निर्माण और सुधारीकरण के लिए ₹ 6.43 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। वहीं देहरादून-मसूरी स्टेट हाईवे पर क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर नए दो लेन सेतु के निर्माण हेतु ₹ 12 करोड़ की मंजूरी दी गई है। उधम सिंह नगर जिले में भी सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है।

धार्मिक और पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण हर की पौड़ी से मां चंडी देवी और मां मनसा देवी को जोड़ने वाली रोपवे परियोजना के अंतर्गत मनसा देवी पहाड़ी की सुरक्षा के लिए आईआईटी रुड़की से स्थिरता विश्लेषण कराने हेतु ₹ 46.89 लाख की स्वीकृति दी गई है।

प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के लिए हल्द्वानी में पुलिस महानिरीक्षक कैंप कार्यालय के भवन निर्माण हेतु ₹ 1.62 करोड़, देहरादून में आईआरबी द्वितीय वाहिनी के लिए आवासीय भवन और बैरक निर्माण हेतु कुल ₹ 12.77 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।

इसके अलावा, पौड़ी गढ़वाल के सतपुली बैराज की पुनरीक्षित लागत ₹ 76.35 करोड़ को नाबार्ड से वित्त पोषित किए जाने की मंजूरी दी गई है। पिथौरागढ़, उधम सिंह नगर और चंपावत जनपदों में भी विभिन्न सड़क निर्माण और विकास कार्यों के लिए लाखों रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

राज्य अतिथि गृह और सर्किट हाउस एनेक्सी के रखरखाव एवं पुनरोद्धार कार्यों के लिए ₹ 7.53 करोड़, हरिद्वार के इमलीखेड़ा नगर पंचायत कार्यालय भवन के निर्माण हेतु ₹ 1.58 करोड़ तथा स्थानीय निकायों में कूड़ा परिवहन वाहनों और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था के लिए भी करोड़ों रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र सेनानी सम्मान योजना के अंतर्गत नैनीताल निवासी श्रीमती कान्ता देवी को 26 अप्रैल 2024 से ₹ 20 हजार प्रतिमाह सम्मान राशि प्रदान किए जाने को भी मंजूरी दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से प्रदेश में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ किया जाएगा और विकास को नई गति मिलेगी।

 
Exit mobile version