पौड़ी से पिथौरागढ़ तक विकास योजनाओं की झड़ी, सीएम धामी ने करोड़ों की परियोजनाएं मंजूर

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न विकास कार्यों के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को स्वीकृति दी है। इन योजनाओं में सड़कों के निर्माण, स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, बाढ़ सुरक्षा कार्य, शहरी विकास और आधुनिक सुरक्षा प्रणाली स्थापित करने से जुड़ी परियोजनाएँ शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने एस.सी.एस.पी. योजना के अंतर्गत जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड पाबौ में बेड़ा का जगड़ मोटर मार्ग के किमी 1 से 5 तक सुदृढ़ीकरण एवं डामरीकरण कार्य के लिए ₹3.58 करोड़ की स्वीकृति दी है। इसके साथ ही जनपद हरिद्वार के राजकीय उपजिला चिकित्सालय रुड़की में विद्युत रिवायरिंग कार्य के लिए ₹3.93 करोड़ मंजूर किए गए हैं।

राज्य योजना के अंतर्गत जनपद देहरादून के मसूरी विधानसभा क्षेत्र में न्यू कैंट मोटर मार्ग (सालावाला पुल से विजय कॉलोनी पुल) को दो लेन से बढ़ाकर 10.50 मीटर चौड़ा किए जाने के द्वितीय चरण के लिए ₹16.87 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने चंपावत विधानसभा क्षेत्र में बूम से टनकपुर तक शारदा नदी के दाएं तट पर बाढ़ सुरक्षा कार्य तथा बूम और उचौलीगोठ क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए ₹15.69 करोड़ की योजना को भी मंजूरी दी है।

शहरी विकास को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम ऋषिकेश क्षेत्र में एकत्रित लीगेसी वेस्ट के निस्तारण हेतु ₹6.79 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। वहीं नगर निगम पिथौरागढ़ में देवभूमि रजत जयंती पार्क के निर्माण के लिए ₹9.81 करोड़ की योजना को मंजूरी दी गई है।

इसके अतिरिक्त टनकपुर में मीडिया सेंटर, गेस्ट हाउस और कम्युनिटी हॉल के निर्माण के लिए ₹14.24 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें से ₹1 करोड़ की प्रथम किस्त जारी करने का भी अनुमोदन प्रदान किया गया है।

चारधाम और पर्यटन स्थलों पर लगेगा एआई आधारित सुरक्षा सिस्टम

राज्य में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या को देखते हुए मुख्यमंत्री ने चारधाम और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत संदिग्ध गतिविधियों और तत्वों पर निगरानी के लिए एआई बेस्ड फेसियल रिकग्निशन सिस्टम और डेटा एनालिटिक्स सॉफ्टवेयर स्थापित किए जाएंगे।

यह सिस्टम राज्य के पांच जनपदों में लगाया जाएगा, जिसके लिए ₹4.45 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। इससे चारधाम यात्रा और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सकेगी।

(Visited 86 times, 86 visits today)