Site icon The Mountain People

उत्तराखंड विकास को रफ्तार: मुख्य सचिव की अध्यक्षता में 200+ करोड़ की योजनाएं स्वीकृत

 

 

 

देहरादून: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में व्यय वित्त समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। मुख्य सचिव ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वीकृत कार्यों को तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।

बैठक में जनपद चम्पावत के रोडवेज स्टेशन परिसर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त मल्टी-स्टोरी पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण को मंजूरी दी गई। लगभग 64.94 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना का नाम “सिटी सेंटर चम्पावत” रखने के निर्देश दिए गए। इसमें यात्रियों व स्थानीय लोगों के लिए बेहतर सुविधाएं, स्थानीय उत्पादों के विपणन की व्यवस्था तथा बसों के साथ टैक्सी पार्किंग की सुविधा विकसित की जाएगी।

इसके साथ ही टिहरी गढ़वाल के टिहरी मुख्यालय स्थित माल रोड क्षेत्र में फसाड कार्य, रेलिंग, पाथवे, स्ट्रीट लाइट और शौचालय निर्माण के लिए 11.25 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई। इससे स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

शैक्षिक सत्र 2025-26 में राज्य के सभी राजकीय एवं सहायता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों को निःशुल्क नोटबुक उपलब्ध कराने हेतु माध्यमिक शिक्षा विभाग को 52.84 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई।

इसके अतिरिक्त चम्पावत जनपद के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में किमतोली से रौशाल मोटर मार्ग पर हॉट मिक्स कार्य के लिए 12.15 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए। वहीं ऊधम सिंह नगर जनपद के किच्छा क्षेत्र में एनएच-109 से जुड़े विभिन्न मार्गों के पुनर्निर्माण एवं सुधार कार्यों के लिए लोक निर्माण विभाग को कुल 43 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय संस्तुति दी गई।

कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में खड़खड़ी श्मशान घाट मार्ग पर डबल लेन सेतु निर्माण तथा मायापुर स्क्रैप चैनल पर नए स्टील गर्डर पुल के निर्माण को भी मंजूरी दी गई।

 

Exit mobile version