देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में उत्तराखण्ड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के कार्यों की समीक्षा करते हुए ओबीसी कल्याण से जुड़ी योजनाओं को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने राज्य के दोनों मंडलों में ओबीसी कल्याण बहुउद्देशीय भवन/सामुदायिक भवन के निर्माण को प्राथमिकता देने को कहा। इन भवनों में बैंकट हॉल, गेस्ट हाउस, सभागार, प्रशिक्षण और बैठक कक्ष जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। सीएम ने इसके लिए डीपीआर शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ओबीसी बाहुल्य क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार और पात्र लाभार्थियों को जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया। साथ ही विभागीय समन्वय और नियमित समीक्षा के माध्यम से योजनाओं की निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार ओबीसी वर्ग के उत्थान के लिए शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दे रही है।

