देहरादून: उत्तराखंड की एकल महिलाओं को आर्थिक मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में पहले चरण के तहत 484 महिलाओं के खातों में ₹3.45 करोड़ की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई।
योजना का लाभ बागेश्वर, देहरादून, नैनीताल, पौड़ी, टिहरी और ऊधमसिंहनगर जनपदों की महिलाओं को मिला। मुख्यमंत्री ने बताया कि शेष 7 जिलों की 540 महिलाओं को लगभग ₹4 करोड़ की सहायता इसी माह के अंत तक दी जाएगी।
सीएम धामी ने कहा कि यह योजना विधवा, परित्यक्ता, तलाकशुदा, एसिड अटैक पीड़ित, अपराध पीड़ित और ट्रांसजेंडर महिलाओं को स्वरोजगार के माध्यम से सम्मान और आत्मनिर्भरता देगी। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण से परिवार और समाज दोनों सशक्त होते हैं।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने इसे एकल महिलाओं के जीवन में बदलाव लाने वाली योजना बताया। वहीं सचिव चंद्रेश यादव ने बताया कि योजना के तहत अधिकतम ₹2 लाख तक की परियोजना स्वीकृत होगी, जिसमें 75% तक सब्सिडी दी जाएगी।