देहरादून: गणतंत्र दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड देहरादून में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में सूचना विभाग द्वारा ‘‘रजत जयंती एवं शीतकालीन धार्मिक यात्रा व पर्यटन’’ विषय पर आधारित भव्य झांकी का प्रदर्शन किया जाएगा। इस झांकी में उत्तराखंड के गठन के 25 वर्षों की विकास यात्रा के साथ-साथ तीर्थाटन, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत की आकर्षक झलक देखने को मिलेगी। इन दिनों परेड ग्राउंड में झांकी का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है।
सूचना विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप इस झांकी को विभाग के संयुक्त निदेशक एवं नोडल अधिकारी के.एस. चौहान की देखरेख में तैयार किया जा रहा है।
झांकी के प्रथम भाग में मुखवा स्थित गंगा मंदिर को दर्शाया गया है, जो माँ गंगा का शीतकालीन प्रवास स्थल है। अग्रिम केबिन में उत्तराखंड गठन के 25 गौरवशाली वर्षों की विकास यात्रा, सांस्कृतिक पहचान और निरंतर प्रगति को प्रभावी रूप में प्रदर्शित किया गया है।
झांकी के ट्रेलर भाग में उत्तराखंड को आयुर्वेद के अग्रणी राज्य के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जिसमें औषधीय पौधों और जड़ी-बूटियों पर आधारित प्राचीन चिकित्सा पद्धति को दर्शाया गया है। इसके साथ ही होम स्टे योजना को भी प्रदर्शित किया गया है, जो स्थानीय रोजगार, पर्यटन संवर्धन और सतत विकास को बढ़ावा दे रही है। इसके पश्चात खरसाली स्थित यमुना मंदिर, माँ यमुना के शीतकालीन धाम के रूप में झांकी का विशेष आकर्षण रहेगा।
झांकी के अंतिम भाग में उठते हुए स्तंभों के माध्यम से राज्य की वर्ष-दर-वर्ष प्रगति और सतत विकास को प्रतीकात्मक रूप में दर्शाया गया है। झांकी के पार्श्व भाग में उत्तराखंड में लागू नए कानूनों और सुशासन की झलक प्रस्तुत की गई है। पृष्ठभूमि में की गई ऐंपण कला की सजावट उत्तराखंड की पारंपरिक लोक कला को आधुनिक दृष्टिकोण से जोड़ती है।
उल्लेखनीय है कि परेड ग्राउंड देहरादून में सूचना विभाग द्वारा पिछले 15 वर्षों से लगातार झांकी का प्रदर्शन किया जा रहा है और वर्ष 2024 एवं 2025 में सूचना विभाग की झांकी को प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ था। इस वर्ष भी यह झांकी राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह का प्रमुख आकर्षण बनने जा रही है।

