Site icon The Mountain People

फर्जी जीएसटी नोटिस से सावधान, सीबीआईसी ने कारोबारियों को जारी किया अलर्ट

Photo- hindustimes

 

 

 

TMP: जीएसटी के नाम पर बढ़ती ठगी को लेकर केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (CBIC) ने देशभर के करदाताओं को सतर्क किया है। बोर्ड ने साफ कहा है कि कुछ शातिर लोग खुद को जीएसटी अधिकारी बताकर कंपनियों और कारोबारियों को फर्जी नोटिस भेज रहे हैं और फोन कॉल के जरिए डराने की कोशिश कर रहे हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक कारोबारी की शिकायत पर प्रतिक्रिया देते हुए सीबीआईसी ने बताया कि जालसाज असली सरकारी दस्तावेजों जैसी दिखने वाली नोटिस कॉपी तैयार कर रहे हैं। इनमें केंद्रीय जीएसटी का लोगो और नकली दस्तावेज पहचान संख्या (DIN) तक डाली जा रही है, ताकि लोग भ्रम में आ जाएं।

बोर्ड ने स्पष्ट किया कि विभाग की ओर से जारी हर नोटिस या समन पर एक यूनिक DIN होता है, जिसे सीबीआईसी के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर आसानी से जांचा जा सकता है। अगर वहां रिकॉर्ड में वह नंबर मौजूद नहीं है, तो समझिए नोटिस फर्जी है।

सीबीआईसी ने सभी करदाताओं से अपील की है कि ऐसे किसी भी संदिग्ध कॉल, ईमेल या नोटिस की तुरंत जानकारी विभाग को दें, ताकि समय रहते धोखाधड़ी को रोका जा सके और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो सके।

Exit mobile version