Site icon The Mountain People

उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग में शीर्ष पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू—अध्यक्ष सहित चार पदों के लिए आवेदन आमंत्रित

 

 

 

देहरादून: उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग (UKPSC), हरिद्वार में वर्तमान और निकट भविष्य में संभावित रिक्तियों को देखते हुए आयोग में अध्यक्ष के एक पद और सदस्यों के तीन पदों को भरे जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में कार्मिक एवं सतर्कता विभाग, उत्तराखण्ड शासन ने योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।

कार्मिक सचिव शैलेश बगोली द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार आयोग के अध्यक्ष और सदस्य ऐसे सक्षम, ईमानदार एवं निष्पक्ष व्यक्ति होंगे, जिनमें उत्कृष्ट प्रशासनिक क्षमता, सत्यनिष्ठा और उच्च प्रतिष्ठा के साथ साहित्य, विज्ञान, कला, समाज सेवा, प्रशासनिक या न्याय क्षेत्र में विशेष ज्ञान अथवा व्यावहारिक अनुभव हो।

विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि नियुक्ति के समय आयोग के अध्यक्ष सहित कुल सात सदस्यों में से यथासंभव आधे सदस्य ऐसे होंगे, जिन्होंने भारत सरकार या किसी राज्य सरकार के अधीन कम से कम 10 वर्षों तक पद धारण किया हो। इसके अतिरिक्त अध्यक्ष सहित न्यूनतम तीन सदस्य ऐसे होंगे, जिनके पास केंद्र या राज्य सरकार में श्रेणी ‘क’ के अधिकारी के रूप में कार्य करने का अनुभव हो।

आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्य अपने पद का कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से अधिकतम छह वर्ष अथवा 62 वर्ष की आयु पूर्ण करने तक, जो भी पहले हो, पद पर बने रह सकेंगे।

इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप पर अपना आवेदन पत्र समस्त शैक्षिक एवं अनुभव प्रमाणपत्रों की प्रतियों के साथ 22 जनवरी 2026 की सायं 6 बजे तक स्पीड पोस्ट, पंजीकृत डाक अथवा कोरियर के माध्यम से सचिव, कार्मिक एवं सतर्कता विभाग, उत्तराखण्ड शासन, डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम भवन, सचिवालय परिसर, 4-सुभाष रोड, देहरादून को भेज सकते हैं।

इस संबंध में विस्तृत जानकारी और आवेदन पत्र का प्रारूप उत्तराखण्ड शासन की आधिकारिक वेबसाइट uk.gov.in पर उपलब्ध है।

Exit mobile version