देहरादून: अल्मोड़ा जिले में भिकियासैंण–विनायक मार्ग पर भिकियासैंण से रामनगर जा रही यात्री बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत यात्रियों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में संबल देने की कामना की। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी घायलों को तत्काल और बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को उच्च चिकित्सा संस्थानों में भेजकर उनका समुचित उपचार सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वे स्वयं पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और प्रशासनिक अधिकारियों से सीधे संपर्क में हैं, ताकि राहत एवं उपचार कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही न हो।
उन्होंने ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस दुःखद घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।

