Site icon The Mountain People

कोटाबाग में ‘घोड़ा लाइब्रेरी महोत्सव’ में सीएम धामी, 114 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास

 

 

 

नैनीताल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जनपद के कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कोटाबाग में आयोजित दो दिवसीय ‘घोड़ा लाइब्रेरी पहाड़ पच्छयाण महोत्सव’ में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए 114 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 12 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसंस्कृति, पुस्तकों और प्रकृति को एक साथ जोड़ने का घोड़ा लाइब्रेरी का प्रयास अत्यंत सराहनीय है। यह पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों के बच्चों में पुस्तक संस्कृति को बढ़ावा देने तथा शिक्षा को दूरस्थ छोर तक पहुंचाने का एक अभिनव प्रयोग है, जिसकी सराहना प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भी ‘मन की बात’ कार्यक्रम में की है।

मुख्यमंत्री ने घोड़ा लाइब्रेरी की युवा टीम एवं इसके प्रेरक शुभम बधानी को बधाई देते हुए कहा कि यह पहल केवल पुस्तकों के वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम बन रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे पुस्तकों को केवल परीक्षा तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। शहरों से लेकर दूरस्थ गांवों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। साथ ही राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए भी निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मानसखंड के पौराणिक मंदिरों—नैनी देवी, कैंचीधाम, हनुमानगढ़ी एवं मुक्तेश्वर धाम—के पुनरुत्थान का कार्य तेजी से चल रहा है। इसी क्रम में कोटाबाग के तोक भटकानी स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य भी पूर्ण किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए नई शिक्षा नीति लागू की गई है। सभी सरकारी विद्यालयों में एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तकें लागू की गई हैं तथा कक्षा 1 से 12 तक निःशुल्क पुस्तकें उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रदेश में 226 विद्यालय पीएम श्री विद्यालय के रूप में विकसित किए जा रहे हैं, जबकि 500 विद्यालयों में वर्चुअल कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि व्यावसायिक शिक्षा से 42 हजार विद्यार्थी लाभान्वित हुए हैं और नकलमुक्त परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले चार वर्षों में 26 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। साथ ही यूपीएससी, एनडीए, सीडीएस जैसी परीक्षाओं में सफल अभ्यर्थियों को साक्षात्कार की तैयारी हेतु 50 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी जैसी स्थानीय भाषाओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए भी राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया, महिला स्वयं सहायता समूहों और किसानों से संवाद किया तथा कोटाबाग के आंवलाकोट स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

Exit mobile version