देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 4224 लाभार्थी श्रमिकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से ₹12 करोड़ 89 लाख 85 हजार की धनराशि सीधे हस्तांतरित की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य के 191 कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) में श्रमिकों की सहायता हेतु विशेष व्यवस्था का भी शुभारंभ किया। इसके तहत अब श्रमिकों को योजनाओं से संबंधित जानकारी, पंजीकरण, नवीनीकरण और अन्य सेवाएं एक ही स्थान पर आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों की हर समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। श्रमिकों और उनके आश्रितों के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से उन्हें आर्थिक सुरक्षा, सामाजिक संरक्षण और सम्मानजनक जीवन प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की आजीविका को मजबूत करने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें कौशल विकास से भी जोड़ा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों को प्रदेश के विकास की मजबूत नींव बताते हुए कहा कि बुनियादी ढांचे के निर्माण में उनका योगदान अतुलनीय है। राज्य सरकार का यह दायित्व है कि प्रदेश के विकास में योगदान देने वाले श्रमिकों और उनके परिवारों का भविष्य सुरक्षित किया जाए।
उन्होंने कहा कि 191 कॉमन सर्विस सेंटरों में शुरू की गई विशेष व्यवस्था से अब श्रमिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ब्लॉक, तहसील और गांव स्तर पर ही सीएससी के माध्यम से पंजीकरण, नवीनीकरण और योजनाओं से जुड़ी सभी सेवाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कर्मकार बोर्ड द्वारा पिछले छह माह में ₹51 करोड़ से अधिक की धनराशि श्रमिकों और उनके परिजनों के खातों में हस्तांतरित की जा चुकी है। पूर्व में विकासखंड स्तर पर भी श्रमिकों के पंजीकरण, नवीनीकरण और लाभ आवेदन की व्यवस्था शुरू की जा चुकी है।
कार्यक्रम में श्रम आयुक्त पी.सी. दुम्का ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में कर्मकार बोर्ड लगातार श्रमिक हित में कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा 4224 श्रमिकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से ₹12.89 करोड़ की धनराशि हस्तांतरित की गई है। भविष्य में भी बोर्ड मुख्यमंत्री के सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि के विजन के अनुरूप कार्य करता रहेगा।

