रानीखेत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र, रानीखेत पहुंचकर देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने सैनिकों और अग्निवीरों से संवाद कर उनका मनोबल बढ़ाया और राष्ट्रसेवा के प्रति उनके समर्पण की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने रेजीमेंट केंद्र में मौजूद प्रशिक्षण सुविधाओं, आधुनिक हथियार प्रणालियों और वीर नारियों के कल्याण से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि सैनिकों की बेहतर तैयारी और परिवारों की सुरक्षा, मजबूत सेना की आधारशिला होती है।
कुमाऊं रेजीमेंट मुख्यालय के भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने सैन्य अधिकारियों तथा सैनिकों के परिजनों से भी मुलाकात की। संवाद के दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना आज पहले से अधिक सक्षम, आत्मनिर्भर और आधुनिक बन चुकी है। सीमाओं की सुरक्षा में सेना का पराक्रम पूरी दुनिया देख रही है और हर चुनौती का सशक्त जवाब दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार पूर्व सैनिकों, शहीदों के परिजनों और सैनिक परिवारों के सम्मान एवं कल्याण के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पेंशन और आर्थिक सहायता से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से वीर परिवारों को निरंतर संबल दिया जा रहा है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सैनिकों का साहस और समर्पण देश की सुरक्षा की सबसे बड़ी ताकत है और राज्य सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी रहेगी।

