देहरादून: गोवा के अरपोरा क्षेत्र में हुए भीषण नाइटक्लब अग्निकांड को लेकर सामने आ रही मीडिया रिपोर्टों एवं स्थानीय सूचनाओं में उत्तराखंड के कुछ नागरिकों के संभावित रूप से प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। इस अत्यंत गंभीर स्थिति पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत से दूरभाष पर वार्ता कर विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री धामी ने गोवा सरकार से आग्रह किया कि यदि किसी भी प्रभावित व्यक्ति की पहचान उत्तराखंड निवासी के रूप में होती है, तो उनके परिजनों से तत्काल संपर्क स्थापित किया जाए तथा पहचान, उपचार, सहायता राशि और सभी प्रशासनिक औपचारिकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
इस पर गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने उन्हें आश्वस्त किया कि घटना में प्रभावित सभी लोगों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं और प्रशासनिक सहयोग मुहैया कराया जा रहा है और किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड सरकार के सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे लगातार इस घटना पर नजर बनाए रखें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि यदि राज्य के किसी नागरिक के प्रभावित होने की पुष्टि होती है, तो उनके परिजनों को चिकित्सा, कानूनी, परामर्श एवं अन्य सभी आवश्यक सहायता तत्परता से उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता से खड़ी है। उत्तराखंड सरकार गोवा प्रशासन के साथ सतत संपर्क में बनी हुई है और जैसे ही कोई नई पुष्टि होती है, तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

