Site icon The Mountain People

वन्य जीवों के बढ़ते हमले पर सरकार सख्त: प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट बोले-“लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता”

 

 

 

 

देहरादून:  भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि सरकार की पूरी सहानुभूति वन्यजीव हमलों से पीड़ित परिवारों के साथ है और आम जनता की सुरक्षा को लेकर सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पिछले एक माह के भीतर पर्वतीय क्षेत्रों में कई दुखद घटनाएं सामने आई हैं, जिन पर सरकार बेहद संवेदनशील है।

 प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि वन विभाग को सख्त निर्देश दिए गए हैं। प्रभावित इलाकों में गश्त बढ़ाने, पिंजरे लगाने और संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर ग्रामीणों के सहयोग से त्वरित कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि ग्रामीणों में आक्रोश स्वाभाविक है, लेकिन सरकार हर स्थिति पर सतर्क और सक्रिय है।

उन्होंने कहा कि नरभक्षी गुलदार को शूट करने की कार्यवाही को मंजूरी दी गई है, जबकि जिन क्षेत्रों में बाघ या भालू सक्रिय हैं, वहाँ भी वन विभाग द्वारा आवश्यक एक्शन लिया जाएगा। भट्ट ने लोगों से संयम रखने और वन विभाग के कर्मचारियों के सहयोग में भागीदारी करने की अपील की।

महेंद्र भट्ट ने बताया कि सरकार की मंशा साफ है— वन्य जीव हमलों में पीड़ितों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई जा रही है और मुआवज़ा राशि भी बढ़ाई गई है। “किसी भी व्यक्ति का जीवन संकट में न आए, इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं,” उन्होंने कहा।

इस दौरान भट्ट ने कांग्रेस को भी नसीहत देते हुए कहा कि यह समय राजनीतिक टिप्पणी का नहीं, बल्कि पीड़ित परिवारों के साथ खड़े होने का है। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही वन विभाग के अधिकारियों से मजबूत कार्ययोजना पर व्यापक चर्चा करेंगे, ताकि वन्यजीवों के हमलों से राहत के ठोस समाधान निकाले जा सकें।

Exit mobile version