Site icon The Mountain People

गुटबाजी से ध्यान हटाने की कोशिश है कांग्रेस मे नेतृत्व परिवर्तन: महेंद्र भट्ट

 

 

 

देहरादून:  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस में हालिया नेतृत्व परिवर्तन और नई समिति गठन को एक “सामान्य चुनावी रस्म” बताते हुए कहा कि इससे चुनाव नतीजों पर कोई असर नहीं पड़ने वाला। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस की हर गतिविधि से भली-भांति परिचित है।

पत्रकारों के सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए भट्ट ने कहा कि जिन चेहरों को कांग्रेस की नई समिति में जगह मिली है, वे सभी बड़े गुटों से आते हैं और राज्य की जनता उन्हें अच्छी तरह जानती है। इस कवायद से कांग्रेस को कितना लाभ होगा, यह तो बाद में पता चलेगा, लेकिन नए गुटों के उभरने की चर्चा पार्टी के भीतर जोर पकड़ चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस में खुद यह बात आम है कि वरिष्ठ नेता को “संन्यास संकेत” दे दिया गया है।

महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस की रणनीति को उनका आंतरिक विषय बताते हुए कहा कि विकास कार्यों पर कांग्रेस की नकारात्मक प्रतिक्रिया पूरी तरह तथ्यों के विपरीत है। उन्होंने दावा किया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़े कानून और विकास की तेज रफ्तार के चलते उत्तराखंड देश में रोल मॉडल बन चुका है।

उन्होंने कहा कि अब दुष्प्रचार से चुनाव नहीं जीते जा सकते, और बिहार इसका ताजा उदाहरण है जहाँ भ्रष्टाचार व कुशासन में लिप्त लोग सदाचार का ढोल पीटते रहे और जनता ने उन्हें जवाब दे दिया। इसी संदेश के साथ उत्तराखंड की जनता भी नकारात्मक राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड आज विकास की तेज राह पर है और आगामी दशक का श्रेष्ठ राज्य बनने की दिशा में बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में लाखों करोड़ रुपये की परियोजनाएँ संचालित हैं और हर दौरे पर पीएम विशिष्ट सौगातें प्रदान कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जनता का भाजपा पर भरोसा अटूट है और यह विश्वास 2027 में भी पूरी तरह असरदार सिद्ध होगा।

Exit mobile version