Site icon The Mountain People

रजत जयंती वर्ष में उत्तराखंड होगा उत्सवमय: जनभागीदारी और युवाओं के सशक्तिकरण पर फोकस

 

 

 

 

TMP: राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ को यादगार बनाने के लिए प्रदेश के विभिन्न विभाग अपने-अपने स्तर पर विशेष कार्यक्रम और जनकल्याणकारी पहलें शुरू कर रहे हैं। सरकार का उद्देश्य है कि यह उत्सव केवल औपचारिकता न रहकर एक व्यापक जनअभियान बने, जिसमें हर वर्ग की भागीदारी हो।

इसी क्रम में साइबर कोषागार, देहरादून में 3 नवंबर से 9 नवंबर 2025 तक पेंशन जागरूकता सप्ताह मनाया जाएगा। इस अवधि में प्रतिदिन पेंशनरों के हित में अलग-अलग विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसी तरह, राज्य के युवाओं के लिए एक बड़ा आयोजन “कौशल एवं रोजगार महोत्सव 2025” भी प्रस्तावित है, जो 6 नवंबर 2025 को देहरादून के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), निरंजनपुर में आयोजित होगा। इस आयोजन में प्रदेशभर से हजारों युवा शामिल होंगे।

महोत्सव में सेक्टोरियल पंडाल और विभागीय प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे, जिनमें उद्योग, तकनीकी शिक्षा, उच्च शिक्षा, पर्यटन, कृषि, उद्यान, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सहित कई विभाग अपने कार्यक्रमों और उपलब्धियों की जानकारी देंगे। युवाओं को विभिन्न विभागों की योजनाओं, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों के बारे में जागरूक किया जाएगा।

सरकार ने निर्णय लिया है कि इन पंडालों में अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को आमंत्रित किया जाएगा, जो युवाओं को अपने अनुभवों से प्रेरित करेंगे।

राज्य सरकार का कहना है कि रजत जयंती समारोह केवल अतीत का उत्सव नहीं, बल्कि उत्तराखंड के विकास, आत्मनिर्भरता और जनसहभागिता की नई दिशा तय करने का अवसर है।

Exit mobile version