देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड का सृजन किया था और आज राज्य स्थापना की रजत जयंती का उत्सव मनाने का गौरव भी भाजपा को प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छूते हुए अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों को सवारने के स्वर्णिम युग में प्रवेश कर चुका है।
मुख्यमंत्री धामी मंगलवार को राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर आयोजित भाजपा की वर्चुअल बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एक से 11 नवंबर तक होने वाले रजत जयंती समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रजतोत्सव के दौरान राज्य की अब तक की उपलब्धियों पर विमर्श के साथ अगले 25 वर्षों का रोडमैप तैयार किया जाएगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे हर वर्ग, समाज और क्षेत्र को इन आयोजनों से जोड़ने का कार्य करें, ताकि यह समारोह जन-जन का पर्व बन सके।
उन्होंने कहा कि सरकार इन गौरवशाली कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है, वहीं पार्टी संगठन को इन्हें व्यवहारिक, भव्य और सर्वसामान्य की सहभागिता वाला बनाना है।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के अनुसार बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि यह गर्व का क्षण है कि जब राज्य 25 वर्षों की यात्रा में विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, तब प्रदेश की बागडोर भाजपा के हाथों में है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिए गए ‘उत्तराखंड दशक’ के लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। भाजपा सरकार राज्य आंदोलनकारियों के सपनों को साकार कर रही है।
प्रदेश प्रभारी गौतम ने कहा कि इन 25 वर्षों में राज्य में हुए बदलाव को जन-जन तक पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। इससे समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा और आने वाले लक्ष्यों को पूरा करने का संकल्प और मजबूत बनेगा। उन्होंने कहा कि पहले जहां छोटी घटनाओं में भी बड़ा नुकसान होता था, वहीं आज बड़ी-बड़ी प्राकृतिक चुनौतियों के बावजूद क्षति न्यूनतम रह जाती है — यह बदलाव विकास का प्रतीक है।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि रजत जयंती के इस ऐतिहासिक अवसर पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री का आगमन राज्यवासियों के उत्साह को नई ऊंचाई देगा। उन्होंने कहा कि जो लोग स्थल पर उपस्थित नहीं हो सकते, उन्हें वर्चुअल माध्यमों या लाइव प्रसारण के जरिए जोड़ा जाएगा।
प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने रजत जयंती समारोह की तैयारियों और कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत जानकारी दी।

