देहरादून: राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल ने इस वर्ष की सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत देहरादून जिले के सहसपुर ब्लॉक स्थित हरीयावाला कलां गांव को नया आदर्श ग्राम घोषित किया है। शनिवार को उन्होंने “आपका सेवक, आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत हरीयावाला पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया और विकास से जुड़ी समस्याएं जानीं।
सांसद डॉ. बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना संपूर्ण भारत के विकास का है और यह तभी साकार होगा जब गांव आत्मनिर्भर बनेंगे। उन्होंने कहा कि सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत चयनित गांव प्रशासनिक निगरानी में रहेगा और इसे योजनाओं से संतृप्त करते हुए विकास का मॉडल बनाया जाएगा।
डॉ. बंसल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत की कार्ययोजना डीआरडीए पोर्टल पर फीड की जाए और गांव को समग्र योजना से आच्छादित करने का अभियान प्रारंभ किया जाए। उन्होंने कहा कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय से ही योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव है।
सांसद ने बताया कि इससे पहले उन्होंने रायवाला ब्लॉक के जीवनवाला और हरिपुर कलां गांवों को गोद लिया था, जहाँ नियमित मॉनिटरिंग से उल्लेखनीय विकास हुआ है।
इस मौके पर विधायक सहसपुर सहदेव पुंडिर, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, परियोजना निदेशक विक्रम, जिला पंचायत सदस्य कंचन देवी, ग्राम प्रधान रजनी देवी, प्रधान कंडोली कोमल देवी, कनिष्ठ प्रमुख धीरज गुलेरिया, पूर्व प्रधान आशीष नेगी, मेघ सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

