– केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद होंगे मुख्य अतिथि
देहरादून : उत्तराखण्ड में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित नवाचार, सुशासन और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में “उत्तराखण्ड एआई इम्पैक्ट समिट 2025” का आयोजन शुक्रवार, 17 अक्टूबर को देहरादून के होटल रामाडा में किया जाएगा।
इस समिट का आयोजन सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, उत्तराखण्ड शासन द्वारा किया जा रहा है, जिसकी थीम “हिल्स टू हाई-टेक” रखी गई है।
कार्यक्रम में केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
उनके साथ इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्रालय (MeitY), इंडिया एआई मिशन, एनआईसी मुख्यालय, आईआईटी रुड़की, आईआईएम काशीपुर, यूकॉस्ट, यू.पी.ई.एस. जैसी अग्रणी संस्थाओं के विशेषज्ञ और प्रदेश के प्रमुख स्टार्टअप प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
समिट की शुरुआत डॉ. दुर्गेश पंत, महानिदेशक, यूकॉस्ट के स्वागत भाषण और “डिजिटल कुंभ” विषय पर संबोधन से होगी। इसके बाद मोहम्मद वाई. सफ़ीरुल्ला, निदेशक, इंडिया एआई मिशन द्वारा “इंडिया एआई मिशन विजन” पर वक्तव्य दिया जाएगा।
“एआई इन गवर्नेंस” विषय पर उत्तराखण्ड शासन के आईटी सचिव प्रस्तुति देंगे, जबकि मुख्य उद्बोधन केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद द्वारा किया जाएगा।
तकनीकी सत्र में आईआईटी रुड़की (TIDES), आईआईएम काशीपुर (FIED) और ओम्निप्रेजेंट टेक के सीईओ एआई आधारित नवाचार और उद्यमिता पर विचार साझा करेंगे।
साथ ही, STPI एवं IIM काशीपुर समर्थित स्टार्टअप्स अपने नवाचार प्रस्तुत करेंगे।
एनआईसी की एआई सेवाओं पर विशेष सत्र श्रीमती शर्मिष्ठा दास, उपमहानिदेशक, एनआईसी मुख्यालय द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होगा पैनल चर्चा — “वैश्विक एआई प्रवृत्तियाँ एवं विकास: उत्तराखण्ड पर प्रभाव”, जिसकी अध्यक्षता प्रो. राम शर्मा, कुलपति, यू.पी.ई.एस. करेंगे।
समापन सत्र में राम एस. उनियाल, महाप्रबंधक (इमर्जिंग टेक्नोलॉजी), आईटीडीए धन्यवाद ज्ञापन देंगे।
उत्तराखण्ड एआई इम्पैक्ट समिट 2025 राज्य को एआई-प्रेरित विकास के पथ पर अग्रसर करने वाला एक प्रभावशाली मंच साबित होगा, जो सरकार, शिक्षा जगत और उद्योग क्षेत्र के बीच सहयोग को और मजबूत करेगा।

