Site icon The Mountain People

रामराज्य की परिकल्पना के लिए भ्रष्टाचार और बुराइयों का होगा अंत – सीएम धामी 

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विजयदशमी के अवसर पर वेलफेयर सोसाइटी द्वारा हिंदू नेशनल स्कूल, देहरादून में आयोजित दशहरा महोत्सव एवं रावण दहन कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को विजयदशमी की शुभकामनाएं दीं और भगवान श्रीराम से स्वस्थ, समृद्ध और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

नरेश बंसल को साधुवाद

सीएम धामी ने कहा कि लक्ष्मण चौक पर हर वर्ष होने वाला यह आयोजन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसके प्रणेता राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष नरेश बंसल हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम जनजागरण और सांस्कृतिक चेतना का सशक्त माध्यम बन चुका है।

संघ की प्रेरणा और दशहरे का संदेश

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने पर संघ की विचारधारा और प्रेरणा को राष्ट्र कार्य की शक्ति बताया। उन्होंने कहा कि दशहरा केवल पर्व नहीं बल्कि पाथेय है, जो हमें सिखाता है कि असत्य कितना भी बलवान क्यों न हो, अंततः उसकी हार होती है। भगवान राम का जीवन धर्म, मर्यादा और कर्तव्य का आदर्श उदाहरण है।

अयोध्या धाम का गौरव

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर हमारे युग का सबसे बड़ा सांस्कृतिक और धार्मिक गौरव है। उन्होंने कहा कि मंदिर, मेले और पर्व न केवल हमारी आस्था के प्रतीक हैं बल्कि पर्यटन और रोजगार का भी सशक्त माध्यम हैं।

बुराइयों के खिलाफ कठोर कदम

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश से लैंड जिहाद, लव जिहाद, थूक जिहाद और धर्मांतरण जिहाद जैसी बुराइयों को समाप्त करने का संकल्प लिया गया है। प्रदेश में दंगारोधी कानून लागू कर दंगाइयों की संपत्ति जब्त की जा रही है।

उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले नकल माफियाओं पर नकेल कसने के लिए उत्तराखंड में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसके परिणामस्वरूप चार साल में 25,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। हाल ही में सामने आए नकल प्रकरण पर सरकार ने तुरंत कार्रवाई कर SIT का गठन किया और आरोपियों को गिरफ्तार किया।

सीएम धामी ने कहा कि विपक्ष इस मामले की आड़ में युवाओं को उकसाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन सरकार ने सीबीआई जांच कराने का निर्णय लेकर युवाओं को आश्वस्त किया।

मदरसा बोर्ड समाप्त करने का निर्णय

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में प्रदेश सरकार ने नया कानून लागू कर मदरसा बोर्ड को समाप्त करने का निर्णय लिया है। 1 जुलाई 2026 से केवल वही मदरसे संचालित हो पाएंगे जिनमें सरकारी बोर्ड द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रम पढ़ाया जाएगा। उद्देश्य है कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, न कि उन्हें पिछड़ी मानसिकता की ओर धकेला जाए।

भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस

सीएम धामी ने कहा कि रामराज्य की परिकल्पना को साकार करने के लिए सरकार ने भ्रष्टाचार रूपी ‘‘रावण’’ को समाप्त करने का संकल्प लिया है। प्रदेश के इतिहास में पहली बार आईएएस और पीसीएस स्तर के अधिकारियों सहित तीन वर्षों में 200 से अधिक भ्रष्ट लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई है।

विकल्प रहित संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर उत्तराखंड को अग्रणी राज्य बनाने के लिए सरकार ‘‘विकल्प रहित संकल्प’’ के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे सत्य, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता जैसे मूल्यों को अपनाकर सशक्त, समृद्ध और न्यायपूर्ण समाज की नींव रखें।

Exit mobile version