देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ उन्हें सुगमता और पारदर्शिता के साथ मिले।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि समाज के इस वर्ग की समस्याओं का समाधान शासन-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में होना चाहिए।
स्वास्थ्य शिविर और उपकरणों की उपलब्धता
मुख्यमंत्री ने सचिव स्वास्थ्य को निर्देश दिए कि प्रदेशभर में समय-समय पर दिव्यांगजनों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएं। इन शिविरों में दिव्यांगजनों को न केवल उपचार और चिकित्सा सुविधाएं बल्कि मौके पर ही प्रमाण-पत्र, कृत्रिम अंग और अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएं।
आरक्षण और पेंशन योजनाओं पर विशेष जोर
सीएम धामी ने सचिव समाज कल्याण को निर्देश दिए कि बैठक में प्राप्त सुझावों पर शीघ्र कार्यवाही हो। उन्होंने कहा कि शासकीय सेवाओं में नियुक्ति प्रक्रिया के दौरान दिव्यांगजनों को आरक्षण का पूरा लाभ सुनिश्चित किया जाए। साथ ही समाज कल्याण विभाग यह भी सुनिश्चित करे कि पात्र सभी व्यक्तियों को दिव्यांग पेंशन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ मिले।
विभागीय अनुश्रवण और जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने सभी सचिवों से अपेक्षा की कि दिव्यांगजनों से जुड़े मुद्दों पर विभागीय स्तर पर गंभीरता से अनुश्रवण किया जाए और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन प्राथमिकता में रहे। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न अंग हैं और उन्हें सक्षम बनाने के लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है।
सुझावों पर सकारात्मक दृष्टिकोण
बैठक में मौजूद विधायकों और बोर्ड सदस्यों ने कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए, जिन पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों की समस्याएं केवल प्रशासनिक मुद्दे नहीं, बल्कि मानवीय सरोकार से जुड़ी जिम्मेदारी हैं और इसी भाव से सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
बैठक में शामिल
बैठक में विधायक भरत चौधरी, सविता कपूर, सचिव श्रीधर बाबू अद्दांकी, रंजीत सिन्हा, चन्द्रेश कुमार, वी. षणमुगम, डॉ. आर. राजेश कुमार, निदेशक समाज कल्याण प्रकाश चन्द्र और राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड के सदस्य उपस्थित रहे।

