देहरादून: उत्तराखंड में पेपरलीक विवाद, आपदा की मार और शिक्षकों के आंदोलन के बीच आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक हो रही है। सचिवालय में आयोजित इस बैठक में कृषि मंत्री गणेश जोशी, स्वास्थ्य मंत्री धनसिंह रावत, पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, सौरभ बहुगुणा और वन मंत्री सुबोध उनियाल मौजूद हैं।
प्रदेश में भारी बारिश और आपदा से सड़क, संचार व जनजीवन अस्त-व्यस्त है, ऐसे में बैठक में राहत-बचाव के उपायों पर चर्चा की संभावना है।
इधर UKSSSC पेपरलीक मामले को लेकर युवा सड़क पर हैं और सीबीआई जांच के साथ आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। माना जा रहा है कि कैबिनेट इस पर भी विचार कर सकती है।
वहीं, 25 हजार से अधिक शिक्षक भी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। उनकी मांगों में प्रधानाचार्य पद पर सीधी भर्ती रद्द करना, प्रमोशन की राह खोलना और तबादला प्रक्रिया शुरू करना शामिल है। शिक्षकों ने शिक्षा मंत्री आवास घेराव की चेतावनी दी है और प्रधानमंत्री को खून से लिखे पत्र भेजने की तैयारी भी जताई है।
ऐसे में आज की कैबिनेट बैठक पर सबकी निगाहें टिकी हैं कि सरकार इन मुद्दों पर क्या निर्णय लेती है।

