Site icon The Mountain People

PM मोदी ने नेपाल की पहली महिला अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कर्की को दी बधाई

Photo- PTI

 

 

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री बनीं सुशीला कर्की को हार्दिक बधाई दी | उन्होंने इस ऐतिहासिक नियुक्ति को महिलाओं के सशक्तिकरण का प्रेरणादायक उदाहरण करार दिया। इंफाल में आयोजित रैली के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के रिश्ते सदियों से साझा इतिहास, आस्था और संस्कृति की मजबूत नींव पर आधारित हैं।

पीएम मोदी ने स्पष्ट किया –“भारत इस परिवर्तन के समय नेपाल की जनता के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है।”

उन्होंने आगे कहा –“मैं 140 करोड़ भारतीयों की तरफ से सुशीला कर्की जी को बधाई देता हूं। मुझे पूरा भरोसा है कि वे नेपाल में शांति, स्थिरता और समृद्धि का नया रास्ता खोलेंगी।”

सुशीला कर्की ने संभाली कमान

शुक्रवार रात सुशीला कर्की ने नेपाल की पहली महिला अंतरिम प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। पूर्व मुख्य न्यायाधीश रही कर्की की नियुक्ति ने नेपाल में लंबे समय से चल रही राजनीतिक अनिश्चितता को समाप्त कर एक नया संतुलित नेतृत्व स्थापित किया।

केपी शर्मा ओली की सरकार को सोशल मीडिया प्रतिबंध के खिलाफ बड़े आंदोलन के दबाव में इस्तीफा देना पड़ा था।

कर्की को अंतरिम सरकार की जिम्मेदारी राष्ट्रपति पौडेल, सेना के वरिष्ठ अधिकारी और आंदोलनकारी युवाओं की बैठक के बाद सौंपी गई।

प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल की जनता की भी सराहना की और कहा –“हाल के कठिन दिनों में भी नागरिकों ने अपने शहरों और इमारतों को साफ-सुथरा बनाए रखा। यह लोकतंत्र के प्रति उनकी जिम्मेदारी का परिचायक है।”

पीएम मोदी ने भरोसा दिलाया –“भारत और नेपाल साथ मिलकर लोकतंत्र, शांति और विकास की नई इबारत लिखेंगे। नई दिल्ली नेपाल की लोकतांत्रिक यात्रा में हर कदम पर साथ खड़ी है।”

Exit mobile version