– ग्रामीणों ने की खुली माइंस पर सुरक्षा इंतज़ाम की मांग
उदयपुर: उदयपुर जिले के डबोक थाना क्षेत्र के मंदेरिया गांव में रविवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। कुंवारी माइंस के बारिश से भरे गहरे गड्ढे में नहाने उतरे चार नाबालिग बच्चे डूब गए, जिससे पूरे गांव में मातम छा गया। मृतकों में तीन बालक और एक बालिका शामिल हैं।
बकरियां चराने निकले थे मासूम
पुलिस के अनुसार, मृतक बच्चे बकरियां चराने निकले थे। इस दौरान वे माइंस के पानी से भरे गहरे गड्ढे में नहाने उतर गए। पानी ज्यादा गहरा होने से वे बाहर नहीं निकल पाए और डूबकर मौत के शिकार हो गए।
परिजनों का विलाप, ग्रामीणों का आक्रोश
घटना की सूचना पर डबोक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से चारों शवों को बाहर निकाला गया। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। परिजन बच्चों के शवों से लिपटकर विलाप करते रहे। वहीं, आक्रोशित ग्रामीणों ने माइंस मालिक को मौके पर बुलाने की मांग की और शवों के साथ धरने पर बैठ गए।
मृतकों की पहचान
-
लक्ष्मी गमेती (14)
-
भावेश (14)
-
राहुल (12)
-
शंकर (13)
खुली माइंस बनीं खतरा
यह माइंस उदयपुर-चित्तौड़गढ़ मार्ग पर स्थित है, जहां पत्थर निकालने का काम होता है। बारिश के चलते गहरे गड्ढों में पानी भर गया था। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी खुली खदानों को सुरक्षित किया जाए ताकि भविष्य में मासूमों की जान न जाए।

