Site icon The Mountain People

थराली आपदा पर CM धामी सख़्त, पीड़ितों को तुरंत ₹5-5 लाख की सहायता, बेघर परिवारों के पुनर्वास के निर्देश

 

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार रात्रि आपदा परिचालन केंद्र देहरादून में थराली (चमोली) आपदा राहत कार्यों की समीक्षा की। सीएम ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि पूर्णतः क्षतिग्रस्त मकानों के प्रभावितों को ₹5 लाख की सहायता राशि तत्काल दी जाए। साथ ही, मृतकों के परिजनों को भी ₹5 लाख की सहायता तुरंत जारी करने को कहा।

सीएम ने अधिकारियों को सख़्त निर्देश दिए कि थराली में बेघर हुए लोगों के लिए तात्कालिक रूप से बेहतरीन व्यवस्था की जाए और पुनर्वास कार्य तेजी से शुरू हो। उन्होंने कहा कि प्रभावितों को राहत सामग्री तत्परता से उपलब्ध कराई जाए और सभी जरूरी सामान एक साथ दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि स्याना चट्टी से पानी की निकासी की व्यवस्था जल्द की जाए। साथ ही, आपदा प्रभावित क्षेत्र में बिजली, पानी और सड़क नेटवर्क सहित सभी मूलभूत जरूरतें तत्काल बहाल हों। उन्होंने राहत सामग्री और राशन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को भी कहा।

सीएम धामी ने आपदा के दौरान जिलाधिकारी चमोली की त्वरित कार्रवाई और प्रबंधन की सराहना की तथा कहा कि अन्य जिलों में भी इसी तरह प्रभावी समन्वय के साथ राहत और बचाव कार्य होने चाहिए। उन्होंने एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की तत्परता की भी प्रशंसा की।

मुख्यमंत्री ने राज्य में अगले दो दिन के लिए जारी ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए सभी जिलाधिकारियों को पूरी तैयारी रखने और आपदा प्रबंधन सामग्री-उपकरण संवेदनशील स्थानों पर रखने के निर्देश दिए।

सीएम ने धराली, सैजी (पौड़ी) और अन्य क्षेत्रों में हाल में आई आपदाओं की पैटर्न का अध्ययन करने के लिए विशेषज्ञों और वैज्ञानिकों की एक कमेटी गठित कर रिपोर्ट तैयार करने के भी आदेश दिए।

बैठक में मुख्य सचिव आनंद वर्धन, प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, शैलेश बगौली समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे, जबकि चमोली और उत्तरकाशी के जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

Exit mobile version