Site icon The Mountain People

थराली में बादल फटा: बाजार-घरों में घुसा मलबा, बच्ची दबने की आशंका, सड़कें बंद

 

 

 



थराली (चमोली): थराली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बादल फटने से भारी तबाही मच गई। टुनरी गदेरे में पानी बढ़ने से तहसील परिसर, चेपड़ो बाजार, कोटदीप बाजार और कई घरों में मलबा घुस गया। इस दौरान तहसील परिसर में खड़ी कई गाड़ियां भी मलबे में दब गईं।

राजस्व उपनिरीक्षक थराली ने बताया कि ग्राम सगवाडा में एक मकान पर मलबा आने से एक लड़की के दबने की सूचना है, जिसे निकालने का प्रयास जारी है। चेपड़ो बाजार में कई दुकानें मलबे से क्षतिग्रस्त हो गईं और एक व्यक्ति के लापता होने की खबर है।

जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर थराली तहसील के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को शनिवार को बंद रखने का आदेश दिया। जिलाधिकारी डॉ. संदीप तिवारी ने कहा कि राहत और बचाव कार्य तेज़ी से चल रहे हैं। घटनास्थल पर तहसील प्रशासन, पुलिस, सिविल पुलिस, डीडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें मौजूद हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी मौके के लिए रवाना हो चुकी हैं।

भारी बारिश और मलबे से थराली-ग्वालदम व थराली-सगवाडा सड़क मार्ग पूरी तरह ठप हो गए हैं। मींग गदेरे के पास बीआरओ सड़क खोलने के लिए कार्य कर रहा है।

Exit mobile version